प्रधानमंत्री मोदी मुंबई में ब्रिटेन के पीएम स्टार्मर से करेंगे मुलाकात, भारत-ब्रिटेन साझेदारी पर होगी चर्चा

PM Modi

PM Modi will meet UK PM Starmer: (नई दिल्ली): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपनी दो दिवसीय मुंबई यात्रा के दौरान ब्रिटेन के नए प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर से मुलाकात करेंगे। यह बैठक दोनों देशों के बीच व्यापक रणनीतिक साझेदारी के विभिन्न पहलुओं और व्यापार एवं निवेश के क्षेत्र में हुई पहलों की प्रगति की समीक्षा के लिए महत्वपूर्ण होगी।

पीएम मोदीऔर स्टार्मर बैठक

ब्रिटेन के प्रधानमंत्री स्टार्मर इस महीने भारत की पहली आधिकारिक यात्रा पर आए हैं। दोनों नेता बुधवार से शुरू हो रही इस यात्रा के दौरान मुंबई में क्षेत्रीय और वैश्विक महत्व के मुद्दों पर विचार-विमर्श करेंगे। साथ ही व्यापार और उद्योग जगत के प्रमुख प्रतिनिधियों के साथ भारत-ब्रिटेन व्यापक आर्थिक और व्यापार समझौते (सीईटीए) से उत्पन्न अवसरों पर चर्चा करेंगे।

फिनटेक फेस्ट में सहभागिता

बृहस्पतिवार को प्रधानमंत्री मोदी और स्टार्मर ‘जियो वर्ल्ड सेंटर’ में आयोजित छठे ‘ग्लोबल फिनटेक फेस्ट (जीएफएफ) 2025’ में भाग लेंगे और उपस्थित लोगों को संबोधित भी करेंगे। यह फेस्टिवल दुनिया भर के नवप्रवर्तकों, नीति निर्माताओं, केंद्रीय बैंकरों, नियामकों, निवेशकों, शिक्षाविदों और उद्योग के नेताओं को एक साथ लाता है। इस वर्ष के आयोजन का मुख्य विषय ‘बेहतर दुनिया के लिए वित्त को सशक्त बनाना’ है, जिसमें कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई), नवप्रवर्तन और समावेशन पर विशेष जोर दिया गया है।

‘ग्लोबल फिनटेक फेस्ट 2025’ में 75 से अधिक देशों के 1,00,000 से अधिक प्रतिभागी हिस्सा लेंगे। यह फेस्टिवल वित्तीय तकनीक के क्षेत्र में विश्व के सबसे बड़े सम्मेलनों में से एक माना जाता है। इस आयोजन में करीब 7,500 कंपनियां, 800 वक्ता, 400 प्रदर्शक और विश्व के प्रमुख नियामक संस्थान भाग ले रहे हैं, जिनमें सिंगापुर का ‘मॉनेटरी अथॉरिटी ऑफ सिंगापुर’, जर्मनी का ‘ड्यूश बुंडेसबैंक’, फ्रांस का ‘बैंक डी फ्रांस’ और स्विट्जरलैंड का ‘स्विस फाइनेंशियल मार्केट सुपरवाइजरी अथॉरिटी’ (एफआईएनएमए) शामिल हैं। इन संस्थानों की भागीदारी वैश्विक वित्तीय नीति संवाद और सहयोग के महत्व को दर्शाती है।

नवी मुंबई एयरपोर्ट का करेंगे उद्घाटन

प्रधानमंत्री मोदी अपनी मुंबई यात्रा के दौरान नवी मुंबई में बने नए अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का उद्घाटन करेंगे। इसके अलावा, वे मुंबई मेट्रो लाइन-3 के अंतिम चरण का उद्घाटन भी करेंगे, जिसकी लागत 37,270 करोड़ रुपये से अधिक है। मोदी मुंबई में सार्वजनिक परिवहन के लिए देश का पहला एकीकृत ‘कॉमन मोबिलिटी ऐप’ ‘मुंबई वन’ भी लॉन्च करेंगे, जो 11 सार्वजनिक परिवहन संचालकों को जोड़ता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *