बाढ़ संकट पर CM सैनी की बड़ी पहल, राहत सामग्री से भरे 20 वाहनों को किया रवाना”

CM Nayab Saini relief: (कुरुक्षेत्र): हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सोमवार को कुरुक्षेत्र जिले के पिपली अनाज मंडी से पंजाब के बाढ़ प्रभावित इलाकों के लिए भेजी जा रही राहत सामग्री से भरे 20 वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह सामग्री स्थानीय समाजसेवी संस्थाओं द्वारा एकत्रित की गई थी। इस मौके पर पूर्व मंत्री सुभाष सुधा, भाजपा जिलाध्यक्ष और कई धार्मिक व सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने कहा कि बाढ़ व जलभराव से राज्य में अब तक 1.6 लाख एकड़ फसल के खराब होने का पंजीकरण हुआ है।

किसानों को मिलेगा मुआवजा

मुख्यमंत्री सैनी ने जानकारी दी कि राज्य सरकार ने पिछले 10 वर्षों में 15,500 करोड़ रुपये का मुआवजा किसानों को दिया है और इस बार भी बाढ़ से प्रभावित किसानों व पशुपालकों को सहायता राशि दी जाएगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार लोगों की हर संभव मदद कर रही है।

पीएम मोदी से मिली राहत की उम्मीद

सीएम सैनी ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी खुद बाढ़ की स्थिति पर नजर रखे हुए हैं। उन्होंने हाल ही में पंजाब का दौरा किया, जहां पंजाब के लिए 1600 करोड़ और हिमाचल प्रदेश के लिए 1500 करोड़ रुपये के राहत पैकेज की घोषणा की गई। सीएम सैनी ने कहा कि अब जरूरत इस बात की है कि “पटरी से उतरी जिंदगी को फिर से पटरी पर लाया जाए।

विपक्ष पर निशाना कसा तंज

मुख्यमंत्री ने इस मौके पर दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर भी तंज कसा। उन्होंने कहा कि “जब हरियाणा और पंजाब के लोग बाढ़ से जूझ रहे थे, तब केजरीवाल उन्हें रामभरोसे छोड़कर दिल्ली लौट गए।” उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर भी हमला बोला और कहा कि “वो भी संकट की घड़ी में देश से बाहर विदेश सैर-सपाटे पर निकल गए। मुख्यमंत्री सैनी ने कहा कि समाज की एकजुटता से ही ऐसे संकटों से लड़ा जा सकता है और हरियाणा सरकार हर कदम पर लोगों के साथ खड़ी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *