वैष्णो देवी यात्रा मार्ग पर भूस्खलन, 1 श्रद्धालु की मौत; अस्थायी रूप से रोकी गई यात्रा

Landslide on the Vaishno Devi:(कटरा): जम्मू-कश्मीर के रियासी जिले में स्थित माता वैष्णो देवी मंदिर के पुराने यात्रा मार्ग पर सोमवार सुबह भूस्खलन हुआ, जिसमें एक श्रद्धालु की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए। हादसा सुबह करीब 8:30 बजे कटरा के बाणगंगा क्षेत्र में स्थित गुलशन का लंगर के पास हुआ। प्रशासन के अनुसार, कटरा शहर में तेज़ बारिश के कारण एक बुकिंग कार्यालय और उसके ऊपर बना लोहे का ढांचा गिर गया, जिससे कई लोग मलबे में दब गए। हादसे के बाद माता वैष्णो देवी की यात्रा को दोपहर 1 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया गया।

एक श्रद्धालु की मौत, कई घायल

हादसे के बाद चेन्नई निवासी 70 वर्षीय उप्पन की अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। उनकी पत्नी राधा (66) और हरियाणा के राजिंदर भल्ला (70) को गंभीर हालत में नारायण अस्पताल ले जाया गया। उत्तर प्रदेश की लीला रायकवार (56) का इलाज कटरा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में किया जा रहा है। अधिकारियों ने बताया कि हादसे में कुल 10 लोग घायल हुए, जिनमें से तीन गंभीर हैं और शेष को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। घायलों में महाराष्ट्र निवासी सुरेश कुमार (66) और दो स्थानीय युवक भी शामिल हैं।

सेना और प्रशासन ने संभाला मोर्चा

बता दें कि हादसे की जानकारी मिलते ही सेना की व्हाइट नाइट कोर और स्थानीय प्रशासन ने तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया। सेना ने सोशल मीडिया पर कहा, “यह राहत कार्य हमारी सेवा और सुरक्षा की प्रतिबद्धता का प्रतीक है।” मौके से मलबा हटाने का कार्य अब भी जारी है।

उपराज्यपाल ने जताया शोक

जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने हादसे पर गहरा दुख जताते हुए सोशल मीडिया मंच ‘X’ पर लिखा भूस्खलन में एक श्रद्धालु की मृत्यु अत्यंत दुखद है। श्राइन बोर्ड को निर्देश दिए गए हैं कि घायलों को सर्वोत्तम चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए। मैं स्थिति पर नजर बनाए हुए हूं।”

24 घंटे में 184 मिमी बारिश

मौसम विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटे में कटरा में 184.2 मिमी बारिश दर्ज की गई। रविवार रात हिमकोटि मार्ग पर भी भूस्खलन हुआ था, जिससे रास्ता अवरुद्ध हो गया था। उस मार्ग को खोलने के प्रयास जारी हैं। प्रशासन ने तीर्थयात्रियों से यात्रा शुरू करने से पहले मौसम की स्थिति जानने और श्राइन बोर्ड की आधिकारिक सूचना देखने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *