Ind vs Aus BGT 2024-25: भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच पांच टेस्ट मैचों की जारी बॉर्डर गावस्कर सीरीज का चौथा मैच मेलबर्न के एमसीजी स्टेडियम में खेला जाएगा। अभी तक सीरीज एक-एक से बराबर है। गाबा में खेला गया तीसरा मैच ड्रॉ छूटा था। अब चौथे मैच से पहले भारतीय टीम में एक फेरबदल किया गया है। मुंबई के स्टार ऑलराउंडर तनुष कोटियन को बाकी के दो मैचों के लिए टीम में शामिल किया गया है।
26 वर्षीय युवा खिलाड़ी कोटियन दाएं हाथ से ऑफ-स्पिन गेंदबाजी करते हैं। साथ ही वह अच्छे बल्लेबाज भी हैं। मौजूदा समय में वह गेंद और बल्ले दोनों से धमाकेदार प्रदर्शन कर रहे हैं। तनुष कोटियन ने साल 2018-19 के रणजी सीजन के जरिए अपना फर्स्ट क्लास डेब्यू किया था। कोटियन ने अब तक 33 प्रथम श्रेणी मैचों में 25.70 के एवरेज से 101 विकेट हासिल किए हैंष
इस दौरान उन्होंने 3 मौकों पर पारी में पांच विकेट लिए और वहीं, बल्लेबाजी की बात की जाए तो उन्होंने 41.21 के एवरेज से 1525 रन बनाए हैं। फर्स्ट क्लास क्रिकेट में कोटियन ने 2 शतक और 13 अर्धशतक लगाए हैं। तनुष कोटियन ने 20 लिस्ट-ए और 33 टी20 मुकाबले भी खेले हैं।
अगर लिस्ट-ए मैचों की बात की जाए तो कोटियन के नाम पर 43.60 की औसत से 20 विकेट दर्ज हैं। वहीं टी20 मैचों में उन्होंने 20.03 के एवरेज से 33 विकेट झटके हैं। लिस्ट-ए मैचों में तनुष कोटियन ने 90 और टी20 मैचों में 87 रन बनाए हैं। यह युवा अपने हरफनमौला प्रदर्शन से सभी का ध्यान खींच रहा है। अब सेलेक्टर्स ने इस शानदार प्रदर्शन का इनाम दिया है और भारतीय स्क्वॉड में शामिल किया है।
भारत और ऑस्ट्रेलिया का स्क्वॉड…
भारतीय टीम का स्क्वॉड: रोहित शर्मा (C), जसप्रीत बुमराह (VC), यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल, अभिमन्यु ईश्वरन, देवदत्त पडिक्कल, शुभमन गिल, विराट कोहली, ऋषभ पंत, सरफराज खान, ध्रुव जुरेल, रवींद्र जडेजा, मोहम्मद सिराज, आकाशदीप, प्रसिद्ध कृष्णा, हर्षित राणा, नीतीश कुमार रेड्डी, वॉशिंगटन सुंदर, तनुष कोटियन।
ऑस्ट्रेलियाई टीम: पैट कमिंस (C), ट्रेविस हेड (VC), स्टीव स्मिथ (VC), सीन एबॉट, स्कॉट बोलैंड, एलेक्स कैरी, जोश इंगलिस, उस्मान ख्वाजा, सैम कोंस्टास, मार्नस लाबुशेन, नाथन लायन, मिचेल मार्श, झाय रिचर्डसन, मिचेल स्टार्क, ब्यू वेबस्टर।